उत्तरकाशी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद बाड़ाहाट उत्तरकाशी ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में नागरिकों से व्यापक सहयोग की अपील की है। पालिका की ओर से जारी संदेश में स्वच्छता के साथ-साथ सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त शहर, गंगा स्वच्छता, कूड़ा प्रबंधन और सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण को लेकर नागरिकों से जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया है।
नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि कूड़ा-कचरा यत्र-तत्र, सार्वजनिक नालियों, सड़कों अथवा खुले स्थानों पर न फेंका जाए। घरों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखकर डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहन को ही सौंपने का अनुरोध किया गया है। जैविक कचरे के निस्तारण के लिए घरों में कंपोस्ट पिट बनाकर जैविक खाद तैयार करने पर भी जोर दिया गया है।

सिंगल यूज प्लास्टिक पर सख्ती
पालिका ने स्पष्ट किया है कि नगर क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक, थर्माकोल एवं स्टायरोफोम से बनी प्रतिबंधित सामग्री के निर्माण, भंडारण, वितरण, बिक्री और उपयोग पर रोक है। प्रतिबंधित सामग्री का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध आर्थिक दंड के साथ विधिक कार्रवाई का प्रावधान भी है।
गंगा की स्वच्छता को लेकर विशेष अपील
पवित्र गंगा नदी और उसके तटों की स्वच्छता को लेकर भी नगर पालिका ने नागरिकों से सहयोग मांगा है। गंगा तटों को साफ-सुथरा रखने तथा नदी को किसी भी प्रकार से प्रदूषित न करने की अपील की गई है। गंगा स्नान के दौरान साबुन एवं शैंपू का प्रयोग नहीं करने का भी अनुरोध किया गया है।
शहर को स्वच्छ रखने में हर नागरिक की भूमिका
नगर पालिका ने खुले में शौच-पेशाब न करने, सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान न पहुंचाने, स्ट्रीट लाइट एवं एलईडी लाइट की सुरक्षा में सहयोग करने तथा अपने घरों के पालतू पशुओं को खुले में न छोड़ने की अपील की है। साथ ही नगर के सभी टैक्स एवं शुल्क समय से जमा करने का आग्रह किया गया है।
नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि भारत सरकार के स्वच्छ सर्वेक्षण में बाड़ाहाट उत्तरकाशी को बेहतर रैंक दिलाने के लिए स्वच्छता संबंधी सर्वेक्षण में पूछे जाने वाले प्रश्नों का सही उत्तर देकर शहर की रैंकिंग सुधारने में सहयोग करें।
नगर पालिका ने सेप्टिक टैंकों की समय-समय पर सफाई कराने तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
नगर पालिका का संदेश साफ है—पालिका अकेले नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही बाड़ाहाट को स्वच्छ, सुंदर और आदर्श शहर बनाया जा सकता है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जारी यह अपील स्वच्छता के साथ नागरिक जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण का भी मजबूत संदेश देती है।
सुझाव/शिकायत के लिए: टोल फ्री नंबर 180018004160, 01374-223222, 945677144 तथा ई-मेल nagarपालिकauki@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।


