गाजणा की जनसमस्याओं पर मुखर हुईं जिला पंचायत सदस्य प्रियंका रावत, डीएम से स्थायी आधार केंद्र और जर्जर सड़कों के सुधारीकरण की उठाई मांग

उत्तरकाशी।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
न्यूगांव-गाजणा क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जनसमस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य प्रियंका रावत ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र में स्थायी आधार सेवा केंद्र की स्थापना तथा उडरी, कुमारकोट और भेटियारा-लोदाड़ा मोटर मार्गों के शीघ्र सुधारीकरण को जनहित से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण मुद्दे बताते हुए प्रशासन से प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
प्रियंका रावत ने कहा कि न्यूगांव-गाजणा जिला पंचायत क्षेत्र में करीब 25 हजार की आबादी और 26 ग्राम पंचायतें होने के बावजूद आज तक स्थायी आधार कार्ड सेवा केंद्र की सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी है। इसके चलते आधार कार्ड बनवाने, संशोधन कराने या अन्य आवश्यक कार्यों के लिए लोगों को 40 से 65 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता है, जिससे ग्रामीणों, बुजुर्गों, महिलाओं और विद्यार्थियों को अनावश्यक आर्थिक व समय संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने क्षेत्र के केंद्रीय स्थान धौंतरी में जल्द से जल्द स्थायी आधार सेवा केंद्र स्थापित करने की मांग की।

ये भी पढ़ें:  अंकिता भंडारी हत्याकांड : सभी आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा


ज्ञापन में उन्होंने क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना है कि उडरी, कुमारकोट और भेटियारा-लोदाड़ा मोटर मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हैं, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, मरीजों और किसानों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में इन मार्गों की स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है, जिससे आवागमन बाधित होने का खतरा बना रहता है।
प्रियंका रावत ने यह भी कहा कि इन सड़कों के सुधारीकरण के लिए पूर्व में धनराशि स्वीकृत होने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की।
जिला पंचायत सदस्य ने कहा कि क्षेत्रवासियों की मूलभूत सुविधाओं और विकास से जुड़े हर मुद्दे को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिलाधिकारी जनहित से जुड़े इन दोनों महत्वपूर्ण मामलों पर संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लेकर क्षेत्र की जनता को राहत प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *