उत्तरकाशी/बड़कोट
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
विद्युत वितरण मंडल चकराता के अधीक्षण अभियंता इं. युद्धवीर सिंह तोमर ने बड़कोट में विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए राजस्व वसूली, उपभोक्ता सेवाओं और भारत सरकार की महत्वाकांक्षी आरडीएसएस (RDSS) योजना की प्रगति पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित राजस्व लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा किया जाए तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शुक्रवार को विद्युत वितरण खंड बड़कोट कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अधीक्षण अभियंता ने मुख्यालय द्वारा निर्धारित राजस्व वसूली लक्ष्य की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को समय पर नए विद्युत संयोजन जारी करने, उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने और राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान भारत सरकार की आरडीएसएस योजना के कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि योजना के कार्यों में तत्काल गति लाई जाए, अन्यथा जिम्मेदारों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद शनिवार को अधीक्षण अभियंता ने बड़कोट क्षेत्र के धारी, कालोगी, बजलाड़ी, पामाड़ी, हिमरोल और कफनोल गांवों में विद्युत मीटरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मीटर रीडिंग में कई अनियमितताएं सामने आईं। इस पर उन्होंने संबंधित मीटर रीडरों और लाइनमैन को कड़ी फटकार लगाते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान पामाड़ी गांव में बिजली चोरी के 5 मामले पकड़े गए। अधीक्षण अभियंता ने सभी मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्र में बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
समीक्षा बैठक में सहायक अभियंता इं. रोशन लाल रतूड़ी, उपखंड अधिकारी इं. अजय सेमवाल, इं. रॉबिन मनोरिया, लेखाकार सुनील बिष्ट, अवर अभियंता प्रताप सिंह, नीरज नौटियाल, वीर दयाल एवं गौरव नाथ सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं निरीक्षण दल में उपखंड अधिकारी इं. अजय सेमवाल, अवर अभियंता गौरव नाथ, संबंधित क्षेत्र के लाइनमैन एवं मीटर रीडर भी शामिल रहे।
बिजली विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि अब राजस्व वसूली, बिजली चोरी पर रोक और उपभोक्ता सेवाओं में सुधार को लेकर विभाग पूरी सख्ती के साथ मैदान में उतर चुका है।

