उत्तराखंड में आगजनी पीड़ितों के लिए धामी सरकार का बड़ा फैसला! अब आवासीय भवनों में दुर्घटनावश लगी आग भी मानी जाएगी आपदा,

देहरादून | गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस
उत्तराखंड जैसे आपदा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील पर्वतीय राज्य के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक महत्वपूर्ण और बड़ी घोषणा की है। अब प्रदेश में आवासीय भवनों में किसी भी प्रकार की दुर्घटना के कारण लगने वाली आग की घटना को भी आपदा के रूप में स्वीकार किया जाएगा। ऐसे अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) के मानकों के अनुरूप राहत राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री की इस घोषणा से उन परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके आशियाने आग की भेंट चढ़ जाते हैं और जिन्हें सब कुछ खोने के बाद आर्थिक संकट से जूझना पड़ता है।

ये भी पढ़ें:  ऑल वेदर रोड पर मौत का सफर? 22 ब्लैक स्पॉट चिन्हित, फिर भी खामोश BRO अब फूटा जनाक्रोश


गौरतलब है कि उत्तरकाशी समेत उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लकड़ी से बने मकान, घनी बस्तियां और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां आगजनी की घटनाओं को और अधिक भयावह बना देती हैं। हाल ही में उत्तरकाशी के पंवाणी गांव में भीषण अग्निकांड में 33 आवासीय मकान जलकर राख हो गए थे। ऐसे में मुख्यमंत्री की यह घोषणा पर्वतीय क्षेत्रों के अग्निकांड पीड़ित परिवारों के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन को मजबूत बनाने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं—
भूतपूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस एवं अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कर्मियों को आपदा बचाव का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र अथवा आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।
आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को आपदा मानकर प्रभावितों को SDRF मानकों के अनुसार राहत राशि दी जाएगी।
आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं में निःस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्य करने वाले लोगों को पुरस्कृत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान को साहस, धैर्य और बेहतर समन्वय की ऐतिहासिक मिसाल बताते हुए कहा कि 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद 28 नवंबर 2023 को सभी 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था।
अब सवाल यह है कि आगजनी से उजड़ने वाले परिवारों को समय पर राहत और पुनर्वास की सुविधा कितनी प्रभावी तरीके से मिलती है। मुख्यमंत्री की इस घोषणा के धरातल पर लागू होने से उत्तराखंड के हजारों पर्वतीय परिवारों को बड़ी राहत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *