अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए उत्तरकाशी में कांग्रेस का कैंडल मार्च, दोषियों को फांसी देने की उठी मांग

उत्तरकाशी। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी ने आवाज बुलंद की। शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित हनुमान चौक पर कांग्रेसजनों ने कैंडल मार्च निकालकर अंकिता को श्रद्धांजलि अर्पित की और मामले में निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग उठाई। वहीं, डुंडा बाजार में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर न्याय की आवाज बुलंद की।

जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत के अनुसार, कांग्रेसजनों ने अंकिता भंडारी प्रकरण में उठ रहे सवालों का निष्पक्ष तरीके से जवाब देने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही, इस मामले में नाम आने वाले भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को राज्यपाल नियुक्त किए जाने के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग भी उठाई गई।

ये भी पढ़ें:  बसंतोत्सव में मीडिया मंथन आधुनिकता के साथ पौराणिकता भी बचे पत्रकार गोष्ठी में उठी आवाज


निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग
कैंडल मार्च के दौरान कांग्रेसजनों ने कहा कि अंकिता भंडारी के माता-पिता लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। उनकी मांगों और मामले से जुड़े सवालों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। कांग्रेस ने मांग की कि प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावमुक्त जांच सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों को कानून के तहत कठोरतम सजा मिले। कांग्रेसजनों ने दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग भी उठाई।
 डुंडा में भी निकला कैंडल मार्च
उत्तरकाशी के साथ-साथ डुंडा में भी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कैंडल मार्च निकाला गया। डुंडा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एडवोकेट आनंद प्रकाश गौतम के नेतृत्व में बाजार में आयोजित मार्च में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और अंकिता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।

ये रहे मौजूद
उत्तरकाशी में आयोजित कैंडल मार्च में पूर्व ब्लॉक प्रमुख कनकपाल सिंह परमार, वरिष्ठ कांग्रेसी आनंद सिंह पंवार एडवोकेट, विजेंद्र नौटियाल, शीसपाल पोखरियाल, चंदन सिंह पंवार, बिपिन नौटियाल, मनोज राही, सुदीश पंवार, जीतम रावत, मोंटी भाई, इस्तियाक अहमद और मधु रावत सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसजन मौजूद रहे।
वहीं, डुंडा में आयोजित कैंडल मार्च में कीर्ति निधि सजवाण, कमलेश रमन मेहता और गुरदयाल नेगी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस ने दोहराया—न्याय की लड़ाई रहेगी जारी
जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी ने स्पष्ट किया कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग लगातार उठाई जाती रहेगी। कांग्रेस ने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष होनी चाहिए और न्याय की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का राजनीतिक प्रभाव आड़े नहीं आना चाहिए।
“अंकिता को न्याय दो, उत्तराखंड की बेटी को न्याय दो!” के नारों के साथ कांग्रेसजनों ने न्याय की मांग को मजबूती से उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *