पौराणिक भेड़ू का तमाशा मेले में पहुंचे पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, समेश्वर महाराज के दरबार में टेका माथा

उत्तरकाशी। वरुणाघाटी के उपरीकोट गांव में आयोजित त्रैवार्षिक पौराणिक “भेड़ू का तमाशा” मेले के प्रथम दिवस श्रद्धा, आस्था और लोकसंस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। मेले में गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण भी शामिल हुए। उन्होंने आराध्य देवता भगवान समेश्वर महाराज के मंदिर में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।


पौराणिक परंपराओं से जुड़े इस आयोजन में सुदूर बुग्याली क्षेत्रों में ग्रीष्मकाल बिताने के बाद सकुशल लौटने वाली भेड़ों को भगवान समेश्वर महाराज के मंदिर की परिक्रमा कराई जाती है। सदियों पुरानी यह परंपरा क्षेत्र की लोक आस्था, पशुपालन संस्कृति और ग्रामीण जीवनशैली का जीवंत प्रतिबिंब मानी जाती है।
मेले में पहुंचे पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कहा कि उत्तराखंड के पारंपरिक थौलू और मेले महज धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि पहाड़ की पहचान और सामुदायिक जीवन की धरोहर हैं। आधुनिकता के दौर में भी उपरीकोट के ग्रामीणों ने अपनी पौराणिक परंपराओं को जिस श्रद्धा और उत्साह के साथ जीवित रखा है, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी है।

ये भी पढ़ें:  वीनीता रावत को महिला मोर्चा गड़वाल समनवयक के पद से सुशोभित उत्तरकाशी की जनता में खुशी की लहर


उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण समाज को एक सूत्र में जोड़ने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, लोकसंस्कृति और पारंपरिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ की इन विशिष्ट परंपराओं का संरक्षण केवल ग्रामीणों की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सजवाण ने मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से संवाद भी किया तथा सभी को पौराणिक “भेड़ू का तमाशा” मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान समेश्वर महाराज से समस्त क्षेत्रवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मेले के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को और बढ़ा दिया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान भूपेंद्र चौहान, जिला पंचायत सदस्य हीरालाल शाह, जिला पंचायत प्रतिनिधि अनिल रावत, राजेंद्र राजू राणा, ज्येष्ठ उप प्रमुख भटवाड़ी श्रीमती मीरा, भाजपा महामंत्री महावीर नेगी, रविराज नेगी, सुनील कुमार, विनोद नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *