डख्याटगांव में डीएम की चौपाल: सड़क से पानी तक उठे सवाल, बालिका की आंख की समस्या पर तत्काल संवेदनशील पहल

उत्तरकाशी। यमुना घाटी के दो दिवसीय भ्रमण पर निकले जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को विकासखंड नौगांव के डख्याटगांव पहुंचकर मंदिर प्रांगण में ग्रामीण चौपाल लगाई। डीएम ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके से ही संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। चौपाल में सड़क, पेयजल, शिक्षा, आंगनबाड़ी, खेल मैदान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठे।


ग्रामीणों और ग्राम प्रधान विशाल सिंह ने गांव की अवस्थापना सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के सामने रखीं। डांडा गांव छानी से तटाऊ महाविद्यालय तक स्वीकृत करीब 3 किलोमीटर मोटर मार्ग के निर्माण में हो रही देरी का मामला सामने आने पर जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने लोनिवि के अधिशासी अभियंता से सड़क की अद्यतन स्थिति रिपोर्ट तलब करते हुए निर्माण कार्य में हो रही देरी की वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए।
जर्जर स्कूल और आंगनबाड़ी भवन का मुद्दा भी उठा
ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय की जर्जर स्थिति के साथ पंचायत भवन और आंगनबाड़ी केंद्र भवन की आवश्यकता भी जिलाधिकारी के समक्ष रखी। इस पर डीएम ने खंड विकास अधिकारी नौगांव को नए आंगनबाड़ी भवन के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
वहीं, जल जीवन मिशन के तहत गांव में अधूरे पड़े कार्यों के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें:  उत्तराखण्ड की पौराणिक संस्कृति को बचाने का कार्य कर रहे हैं लोक गायक कीर्ति बंसल उत्तरकाशी

युवाओं के लिए खेल मैदान विकसित करने पर जोर
चौपाल में युवाओं की जरूरतों को लेकर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय परिसर स्थित खेल मैदान के व्यवस्थीकरण और समतलीकरण के साथ युवाओं के लिए आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने को लेकर संबंधित विभागों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
दो वर्षीय बालिका की आंख की समस्या सुन डीएम ने दिखाई संवेदनशीलता
चौपाल के दौरान एक महिला ने अपनी दो वर्षीय बेटी आराध्या की आंख से जुड़ी समस्या जिलाधिकारी को बताई। बालिका की कॉर्निया संबंधी समस्या की जानकारी मिलते ही डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर मौजूद एसीएमओ को तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बालिका के बेहतर उपचार के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर अग्रिम चिकित्सा कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। डीएम की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की।
पीएम आवास योजना की सूची के सत्यापन के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों के चयन में अनियमितता की शिकायतों को भी जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया। उन्होंने खंड विकास अधिकारी को लाभार्थी सूची का पुनः पारदर्शी सत्यापन करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र लोगों को योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।
इस दौरान रामलीला समिति के सदस्यों ने भी गांव की विभिन्न समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। समिति की ओर से सूक्ष्म अभिनय की प्रस्तुति भी दी गई, जिसकी डीएम समेत मौजूद अधिकारियों और ग्रामीणों ने सराहना की।
चौपाल में बीडीओ नौगांव विजेन्द्र चौहान, एसीएमओ रमेश चंद्र आर्य, पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूडा, पीएम रीप कपिल उपाध्याय समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *