दिव्यांगजनों को यूडीआईडी के अभाव में सुविधाओं से वंचित न किया जाए : जिलाधिकारी प्रशांत आर्य

उत्तरकाशी जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे और लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए।
बैठक में दिव्यांगजनों के कल्याण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी होने के साथ ही संबंधित आवेदकों के यूडीआईडी कार्ड तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध न होने के कारण किसी भी दिव्यांगजन को पेंशन अथवा अन्य सरकारी सुविधाओं से वंचित न किया जाए।

ये भी पढ़ें:  एस0पी0 द्वारा यमुनाघाटी पहुंचकर किया गया थाना पुरोला/बडकोट एवं फायर स्टेशन बडकोट का वार्षिक निरीक्षण


जिलाधिकारी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए केंद्र पोषित पेंशन योजनाओं के खातों को सुव्यवस्थित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी पेंशनधारकों के बैंक खातों को अनिवार्य रूप से आधार से सीड करने अथवा खातों में आधार बेस्ड पेमेंट सिस्टम (एबीपीएस) सक्रिय करने के निर्देश दिए, ताकि पेंशन की राशि सीधे और पारदर्शी तरीके से लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित हो सके।
उन्होंने पेंशनधारकों के खातों की आधार सीडिंग प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के साथ ही इसे समयबद्ध तरीके से धरातल पर लागू करने के लिए लीड बैंक अधिकारी से समन्वय स्थापित करने को कहा।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अतुल आनंद सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *