पुरोला में प्रमुख ईशिता ने सुनीं जनसमस्याएं, जिलाधिकारी की मौजूदगी में कई मामलों का मौके पर निस्तारण

उत्तरकाशी रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
पुरोला। क्षेत्र भ्रमण के दौरान ब्लॉक प्रमुख ईशिता ने ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिलाधिकारी की मौजूदगी में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, सिंचाई और अन्य विकास कार्यों से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठीं। कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही जानकारी लेकर उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जनता के बीच पहुंचकर समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए अधिकारियों से सीधे समन्वय करने की प्रमुख ईशिता की पहल को क्षेत्रवासियों ने सराहा। ग्रामीणों का कहना है कि प्रमुख द्वारा लगातार गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों में उनके प्रति भरोसा बढ़ा है।
प्रमुख ईशिता ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुरोला क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देने के साथ लंबे समय से लंबित समस्याओं को भी प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से दूर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पुरोला क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक विकास कार्य धरातल पर दिखाई देंगे। उनका प्रयास है कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों को मूलभूत सुविधाओं के साथ विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
कार्यक्रम में मौजूद जिलाधिकारी ने भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और उनका समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
क्षेत्रवासियों के बीच प्रमुख ईशिता की सक्रियता और संवाद की शैली चर्चा का विषय बनी हुई है। महिला नेतृत्व के रूप में जिस तरह वह क्षेत्र की समस्याओं को सामने से समझने और अधिकारियों के साथ समन्वय कर समाधान की दिशा में आगे बढ़ रही हैं, उससे ग्रामीणों में सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की मौजूदगी रही। जनता की चौखट तक पहुंचकर समस्याएं सुनने और समाधान की दिशा में तत्काल पहल करने का यह प्रयास पुरोला क्षेत्र में सक्रिय और जवाबदेह स्थानीय नेतृत्व की तस्वीर पेश करता नजर आया।

ये भी पढ़ें:  दुःखद खबर पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण युवक आया चपेट में जिला अस्पताल में मृत घोषित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *