उत्तरकाशी। सावन के पवित्र महीने में बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए गंगोत्री धाम पहुंच रहे कांवड़ यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 30 जुलाई से शुरू हुई कांवड़ यात्रा के तहत 9 अगस्त तक 61,884 से अधिक कांवड़ यात्री उत्तरकाशी जनपद में पहुंच चुके हैं। श्रद्धालु गंगोत्री, यमुनोत्री और गोमुख से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो रहे हैं।
रविवार को ही 6,479 कांवड़ यात्रियों ने धामों की ओर प्रस्थान किया,
जिनमें 6,172 पुरुष, 280 महिलाएं और 27 बच्चे शामिल रहे। गंगोत्री धाम में 5,563, यमुनोत्री में 770 और गोमुख मार्ग पर 146 शिवभक्तों की आवाजाही दर्ज की गई।
कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा, स्वास्थ्य, यातायात, पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस और प्रशासन की टीमें संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी कर रही हैं। 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय है, जबकि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया बल भी तैनात किया गया है।
इसी बीच पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने सावन के पावन महीने में गंगाजल लेने और भगवान भोलेनाथ की आराधना के लिए निकल रहे सभी कांवड़ यात्रियों के साथ-साथ क्षेत्रवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं मंगलकामनाएं दी हैं।
उन्होंने सभी से यात्रा के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने, प्रशासन का सहयोग करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की।
हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज रहा उत्तरकाशी, आस्था के इस महापर्व में श्रद्धालुओं की सेवा में प्रशासन और स्थानीय लोग पूरी तरह जुटे हुए हैं।

