उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की तथा निर्वाचन आयोग की समयबद्ध प्रक्रिया से सभी को अवगत कराया।

बैठक में बताया गया कि जनपद की तीनों विधानसभा सीटों—पुरोला, यमुनोत्री और गंगोत्री—में विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 2,42,822 मतदाताओं के आंकड़ों का सत्यापन किया गया है। इस दौरान 7,751 अनमैप्ड तथा 18,405 अनकलेक्ट मतदाता चिह्नित किए गए हैं। वहीं सत्यापन के दौरान 2,955 मृत, 1,220 अनुपस्थित, 12,042 स्थानांतरित (शिफ्टेड) तथा 1,982 दोहरे पंजीकरण वाले मतदाताओं की पहचान की गई है, जिन पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार वर्तमान में जनपद के 2,24,217 मतदाताओं में विसंगतियों और अनमैप्ड श्रेणी के आधार पर 63,727 नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इनमें पुरोला विधानसभा में 22,429, यमुनोत्री में 19,646 तथा गंगोत्री विधानसभा में 21,652 नोटिस शामिल हैं। इन नोटिसों का वितरण बीएलओ (BLO) के माध्यम से किया जा रहा है। साथ ही 14 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक दावों और आपत्तियों के निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए 32 निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों की तैनाती की गई है।
बैठक में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की जानकारी भी साझा की गई। बताया गया कि जनपद में पहले 544 मतदेय स्थल थे, जिनमें 14 नए मतदान केंद्र जोड़े जाने के बाद अब कुल 558 मतदेय स्थल स्वीकृत हो गए हैं। इनमें पुरोला विधानसभा में 9 तथा यमुनोत्री विधानसभा में 5 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। राजनीतिक दलों की ओर से सहयोग के लिए 986 बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त किए गए हैं।
निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया कि 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बीएलओ एवं निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि नोटिस वितरण और सुनवाई की पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से संपन्न की जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और अपात्र अथवा दोहरे पंजीकरण वाले नाम नियमानुसार हटाए जाएं।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंटों को सक्रिय रखते हुए मतदाताओं को जागरूक करें तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 12 मान्य दस्तावेजों में से आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने में सहयोग करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, एसडीएम देवानंद शर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

