उत्तरकाशी शहर में तेंदुए की दस्तक, घरों के आंगन तक पहुंचा खूँखार शिकारी; दहशत में लोग, डीएम से सुरक्षा की गुहार

उत्तरकाशी
रिपोर्ट: महावीर सिंह राणा
उत्तरकाशी नगर क्षेत्र के ज्ञानसू बाजार में तेंदुए की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप रिहायशी इलाके में एक तेंदुआ खुलेआम घूमता हुआ दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि तेंदुआ ज्ञानसू लिंक रोड से एक कुत्ते का पीछा करते हुए तेजेंद्र और वीरेन्द्र भंडारी के आंगन से गुजरकर विजय संतरी के घर की बाउंड्री पर कुछ देर रुका और फिर आगे बढ़ गया।


घटना के दौरान आसपास मौजूद एक व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से तेंदुए की तस्वीर भी कैद की, जिसे स्थानीय लोगों ने प्रशासन को भेजा है।
तेंदुए के रिहायशी क्षेत्र में पहुंचने से पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि नगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों की अधिक संख्या होने के कारण तेंदुए का मूवमेंट बढ़ सकता है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और सुबह-शाम टहलने वाले लोगों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए वन विभाग की टीम को मौके पर भेजने, निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस भी प्रशासन से आग्रह करता है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले ही खतरे को टाला जा सके।

ये भी पढ़ें:  उत्तरकाशी के आईटीबीपी की बॉर्डर पोस्ट महिडांडा में 300 जवानों एवं अधिकारियों का प्रकृति  प्रशिक्षण 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *