उत्तरकाशी पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार, 7.54 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्तरकाशी पुलिस का अभियान लगातार तेज़ होता जा रहा है। “ड्रग्स फ्री देवभूमि” एवं “नशामुक्त भारत अभियान” के तहत उत्तरकाशी पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुरोला क्षेत्र से दो युवकों को 7.54 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन तथा पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नौगांव स्थित केसारी खड्ड के समीप चेकिंग अभियान के दौरान कार्रवाई की। इस दौरान अखिल दास (22 वर्ष) के कब्जे से 3.62 ग्राम तथा सुरेश राज (24 वर्ष) के कब्जे से 3.92 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना पुरोला में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ-साथ नशा तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।
2026 में अब तक 32 नशा तस्कर गिरफ्तार
उत्तरकाशी पुलिस के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस अधिनियम के 25 मामलों में 32 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान करीब 51.25 लाख रुपये मूल्य की 8 किलोग्राम से अधिक चरस एवं 88.21 ग्राम स्मैक बरामद की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लगातार संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध केवल एनडीपीएस अधिनियम ही नहीं, बल्कि गैंगस्टर एक्ट के तहत भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। अब तक चार नशा तस्करों पर गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जा चुकी है।
उत्तरकाशी पुलिस ने दोहराया है कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह कठोर और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

ये भी पढ़ें:  ग्रीन गेम्स की थीम पर होंगे उत्तराखण्ड में नेशनल गेम्स, राष्ट्रीय खेल उत्तराखण्ड को खेल भूमि के रूप में भी स्थापित करेंगे-मुख्यमंत्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *