उत्तरकाशी में बारिश बनी आफत: गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे कई स्थानों पर बंद, पैदल मार्ग धंसा, जनजीवन अस्त-व्यस्त

उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
जनपद उत्तरकाशी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग कई स्थानों पर भूस्खलन, मलबा और बोल्डर आने से बार-बार बाधित हो रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ चारधाम यात्रियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी, सूनगर और भटवाड़ी के चड़ेथी के पास मलबा आने से यातायात प्रभावित है। वहीं यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पालीगाड़, सिलाई बैंड, जंगल चट्टी, दुर्बिल और बढ़िया क्षेत्र में भूस्खलन के कारण कई स्थानों पर अवरुद्ध होने की सूचना है। एनएच की टीमें लगातार मार्ग खोलने में जुटी हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश राहत कार्यों में बाधा बन रही है।
इधर नेताला के पास पहाड़ी से लगातार मलबा और बोल्डर गिरने के कारण मार्ग बार-बार बाधित हो रहा है। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। मार्ग बंद होने के कारण कई बच्चों को बीच रास्ते से ही वापस घर लौटना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें:  🔥 यमुना घाटी में फिर गूंजा पृथक जनपद का स्वर, ‘यमुनोत्री जिला’ की मांग ने पकड़ा जोर 🔥


यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग पर भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर राम मंदिर के समीप नदी का जलस्तर बढ़ने से लगभग 25 से 30 मीटर पैदल मार्ग 2 से 2.5 मीटर तक धंस गया है। प्रशासन ने इस मार्ग को यात्रियों के लिए असुरक्षित बताया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) के अनुसार वैकल्पिक मार्ग बनाने के लिए शीघ्र श्रमिक लगाए जा रहे हैं।


लगातार बारिश से पहाड़ों के दूरस्थ क्षेत्रों का संपर्क भी प्रभावित हुआ है। भटवाड़ी विकासखंड के कामर गांव का संपर्क मार्ग पिछले दो दिनों से पूरी तरह बंद है, जिससे ग्रामीणों को आवश्यक सेवाओं और दैनिक जरूरतों के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई अन्य लिंक मार्ग भी बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित है।
वहीं, भागीरथी नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने के चलते मनेरी भाली जलविद्युत परियोजना से अतिरिक्त पानी छोड़ा गया है। इसके बाद नदी का बहाव बेहद तेज हो गया है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों तथा पर्यटकों से नदी के समीप न जाने और पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।
हालांकि जिला प्रशासन, एनएच, लोक निर्माण विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और मार्गों को सुचारु करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन मौसम की लगातार बदलती परिस्थितियां राहत कार्यों के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।
मौसम विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।
पीटीसी महावीर सिंह राणा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *