उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
उत्तरकाशी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चलाए जा रहे “छात्रों की गूंज” अभियान के अंतर्गत जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी द्वारा छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और छात्रों की समस्याओं, आकांक्षाओं तथा भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा करना रहा।
कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा राजस्थान के कोटा में देशभर के युवाओं एवं छात्रों के साथ किए गए संवाद का वीडियो प्रदर्शित किया गया। इसके माध्यम से छात्रों को उनके विचारों और दृष्टिकोण से अवगत कराया गया।
संवाद के दौरान शिक्षा व्यवस्था, रोजगार के अवसर, प्रतियोगी परीक्षाओं की चुनौतियां, युवाओं की समस्याएं तथा देश के भविष्य में उनकी भूमिका जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही छात्र-छात्राओं को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीकों से अपनी बात रखने तथा अन्याय एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी ने अपने संबोधन में युवाओं के सपनों, संघर्षों, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर खुलकर विचार रखे तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने युवाओं को देश निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए भी प्रेरित किया।
जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी ने कहा कि युवाओं और छात्रों की आवाज को सुनना तथा उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गंभीर संवाद स्थापित करना लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष पंवार तथा युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव सुधीश पंवार सहित कई कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

