उत्तरकाशी/चिन्यालीसौड़।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
केतन लाल हत्याकांड में आरोपियों को कठोरतम सजा दिए जाने की मांग को लेकर सोमवार शाम चिन्यालीसौड़ में भीम आर्मी एवं अंबेडकर समिति के बैनर तले कैंडल मार्च निकाला गया। बड़ी संख्या में लोगों ने इसमें भाग लेकर घटना के प्रति गहरा आक्रोश व्यक्त किया और दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग उठाई।
कैंडल मार्च के दौरान वक्ताओं ने कहा कि किसी व्यक्ति की हत्या जैसी जघन्य वारदात को अंजाम देना समाज और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है। ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस तरह के अपराध को अंजाम देने का साहस न कर सके।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि 18 वर्षीय युवक की हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। घटना से लोगों में भारी रोष है और वे पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए एकजुट होकर आवाज उठा रहे हैं।
कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए। साथ ही अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाए जो समाज में एक मजबूत संदेश दे और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
चिन्यालीसौड़ की सड़कों पर हाथों में मोमबत्तियां लेकर निकले लोगों ने पीड़िता को श्रद्धांजलि अर्पित की और न्याय की मांग को बुलंद किया। इस दौरान क्षेत्र के अनेक सामाजिक संगठनों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
“न्याय चाहिए, दोषियों को कठोर सजा मिले” के नारों के साथ निकाला गया यह कैंडल मार्च देर शाम तक जारी रहा और लोगों ने एक स्वर में पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया।
केतन लाल हत्याकांड के आरोपियों को फांसी देने की मांग, चिन्यालीसौड़ में निकाला गया कैंडल मार्च

