उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा जनपद भर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर विभिन्न विभागों और स्थानीय निकायों की टीमें यात्रा मार्गों को प्लास्टिक और कूड़ा मुक्त बनाने में जुटी हैं।
इसी क्रम में गंगा घाटी क्षेत्र के अंतर्गत नगर पंचायत गंगोत्री और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने संयुक्त रूप से भैरव घाटी में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान यात्रा मार्गों और आसपास के जंगलों से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की बोतलें, रैपर्स तथा अन्य सूखा कचरा एकत्र किया गया। टीम ने लगभग 70 से 80 किलोग्राम कूड़ा संग्रहित कर उसके सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था की।
वहीं यमुना घाटी में भी सफाई अभियान लगातार जारी है। गंगनानी, खरादी, कुथनौर, पालीगाड, स्यानाचट्टी और रानाचट्टी सहित प्रमुख पड़ावों एवं बाजार क्षेत्रों से नियमित रूप से कूड़ा एकत्र किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा एकत्रित कचरे को प्रतिदिन वाहनों के माध्यम से डंपिंग ज़ोन और निस्तारण केंद्रों तक पहुंचाया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा अवधि के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा यात्रा मार्गों को पूरी तरह साफ-सुथरा और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखा जाए। प्रशासन का कहना है कि स्वच्छता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि तीर्थयात्रियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

