उत्तरकाशी।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को सफल बनाने और प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर विभिन्न शिक्षण संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना तथा लोगों को मतदान के अधिकार और जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने और शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

स्वीप प्रभारी डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल ने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना फार्म वितरित एवं एकत्र करेंगे। यदि किसी मतदाता से पहली बार संपर्क नहीं हो पाता है, तो बीएलओ तीन बार तक प्रयास करेंगे ताकि कोई भी पात्र नागरिक इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि मतदाता ECI-NET ऐप और निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से भी गणना फार्म डाउनलोड कर ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। साथ ही “Book a Call with BLO” सुविधा के जरिए अपने क्षेत्र के बीएलओ से सीधे संपर्क स्थापित कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जिला प्रशासन का यह प्रयास केवल मतदाता सूची के पुनरीक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय नागरिकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है जब प्रत्येक पात्र नागरिक अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति सजग रहे।
“अच्छे और जागरूक नागरिक बनें, लोकतंत्र को सशक्त करें” — इसी संदेश के साथ उत्तरकाशी में चलाया जा रहा यह अभियान लोगों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहा है।

