उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
उत्तरकाशी। घर छोड़कर कहीं दूर जाने की योजना बना चुकी दो नाबालिग बालिकाओं को डुण्डा पुलिस ने अपनी तत्परता, संवेदनशीलता और कुशल पुलिसिंग का परिचय देते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक संभावित बड़ी अनहोनी टल गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार 30 मई 2026 को नेपाल मूल के दो व्यक्तियों ने चौकी डुण्डा पहुंचकर अपनी नाबालिग पुत्रियों के अचानक घर से लापता होने की सूचना दी। मामला बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल खोज अभियान शुरू किया।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में प्रभारी चौकी डुण्डा उप निरीक्षक प्रकाश राणा के नेतृत्व में गठित टीम ने आसपास के क्षेत्रों में गहन खोजबीन, पूछताछ और पतारसी-सुरागरसी शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले और दोनों बालिकाओं को ब्रह्मखाल क्षेत्र के सिलक्यारा गांव स्थित छानियों से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे आपस में अच्छी मित्र हैं तथा लंबे समय से विद्यालय नहीं जा रही थीं। घर में मन न लगने के कारण उन्होंने घर छोड़कर कहीं दूर जाने का मन बना लिया था।
पुलिस ने दोनों बालिकाओं की काउंसलिंग कर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया। बेटियों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस लेते हुए उत्तरकाशी पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।
घर छोड़कर दूर जाने की थी तैयारी, डुण्डा पुलिस ने कुछ ही घंटों में ढूंढ निकालीं दो नाबालिग बालिकाएं

