स्वच्छ एवं सुरक्षित हिमालय के संदेश के साथ माउंट सतोपंथ अभियान-2026 का शुभारंभ

उत्तरकाशी,
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा

हिमालय संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और जिम्मेदार पर्वतारोहण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से माउंट सतोपंथ (7,075 मीटर) अभियान-2026 का शुभारंभ रविवार को उत्तरकाशी से किया गया। “स्वच्छ एवं सुरक्षित हिमालय” (Clean and Save Himalaya) थीम पर आधारित यह अभियान हिमालयी क्षेत्रों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत पर्वतारोहण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा।
गढ़वाल हिमालय की प्रतिष्ठित एवं चुनौतीपूर्ण चोटियों में शामिल माउंट सतोपंथ की इस विशेष अभियान यात्रा में मुनेन्द्र सिंह राणा (दल नेता), नवीन कुमार, नवीन गुसाईं, पवनेश राणा, रतन सिंह नेगी, आजाद सिंह राणा, माउंट एवरेस्ट विजेता पर्वतारोही प्रवीण राणा, सचिन लामा एवं चिश्वरी राजपूत शामिल हैं। अभियान दल हिमालय संरक्षण और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का संदेश लेकर शिखर की ओर अग्रसर हुआ है।

अभियान के सफल आयोजन एवं समन्वय में माउंटेन पैराडाइज ट्रेक्स एंड एक्सपीडिशन्स के संस्थापक एवं अनुभवी ट्रेक आयोजक मुकेश पंवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके मार्गदर्शन में अभियान की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
नगर पालिका उत्तरकाशी के अध्यक्ष भूपेन्द्र चौहान ने अभियान ध्वज फहराकर दल को रवाना किया। इस अवसर पर गोपाल गुसाईं, महावीर सिंह चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने अभियान दल को शुभकामनाएं देते हुए हिमालय संरक्षण के इस प्रयास की सराहना की तथा सुरक्षित एवं सफल वापसी की कामना की।

ये भी पढ़ें:  सैनिक स्कूल घोड़ाखाल से शैक्षिक भ्रमण के लिए आये विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से की भेंट


प्रस्थान से पूर्व अभियान दल ने उत्तरकाशी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। दल के सदस्यों ने हिमालय की स्वच्छता, संरक्षण एवं सुरक्षित पर्वतारोहण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
अभियान दल पर्वतारोहण के साथ-साथ मार्ग में स्वच्छता अभियान भी चलाएगा तथा पर्वतीय क्षेत्रों में कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करेगा। अभियान का उद्देश्य हिमालय की संवेदनशील पारिस्थितिकी के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करना तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित हिमालय का संदेश देना है।

“स्वच्छ हिमालय – सुरक्षित हिमालय” के संकल्प के साथ शुरू हुआ यह अभियान पर्वतारोहण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की एक प्रेरणादायक पहल बनकर उभर रहा है। क्षेत्रवासियों, पर्वतारोहियों एवं प्रकृति प्रेमियों ने अभियान दल की सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
नगर पालिका परिषद उत्तरकाशी के अध्यक्ष भूपेन्द्र चौहान द्वारा माउंट सतोपंथ अभियान-2026 के शुभारंभ अवसर पर ध्वजारोहण करते हुए। इस अवसर पर गोपाल गुसाईं, महावीर सिंह चौहान, मुकेश पंवार एवं अभियान दल के सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *