गंगनानी के पास दर्दनाक सड़क हादसा: नागपुर के बुजुर्ग दंपति की मौत, तीन घायल

उत्तरकाशी,
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में महाराष्ट्र के नागपुर निवासी बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक सहित तीन लोग घायल हो गए। हादसा गंगनानी के समीप हेल्कुगाड़ से लगभग 200 मीटर आगे उस समय हुआ जब गंगोत्री से उत्तरकाशी की ओर आ रही एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर लगभग 80 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन संख्या PB-01F-1733 में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान श्रीमती लक्ष्मी दामोधर रामटेककर (67 वर्ष) एवं उनके पति श्री दामोधर हरीराम रामटेककर (77 वर्ष) निवासी नागपुर, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।
वहीं घायलों में श्री विमल कुमार प्रधान (61 वर्ष), उनकी पत्नी श्रीमती उपासना प्रधान (54 वर्ष) निवासी भुवनेश्वर, ओडिशा तथा वाहन चालक यशवीर (35 वर्ष) निवासी पंजाब शामिल हैं। सभी घायलों को तीन एम्बुलेंसों की सहायता से जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। मृतकों के शवों को खाई से निकालकर मोर्चरी वाहन के माध्यम से जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी लाया गया।
पुलिस ने बताया कि शवों का पंचायतनामा भरने सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है

ये भी पढ़ें:  जनपद उत्तरकाशी में 03 फरवरी से 10 फ़रवरी तक चलेगा पल्स एनीमिया महा अभियान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *