सीमांत उत्तरकाशी में चुनाव आयोग की बड़ी सक्रियता भारत-चीन सीमा से सटे हर्षिल पोलिंग बूथ पहुंचे मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, बीएलओ के कार्यों की सराहना

उत्तरकाशी
महावीर सिंह राणा
सीमांत जनपद उत्तरकाशी में शनिवार को भारत निर्वाचन आयोग की सक्रियता उस समय और बढ़ गई, जब भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार भारत-चीन सीमा से सटे क्षेत्रों के दौरे पर पहुंचे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने सीमांत क्षेत्र हर्षिल स्थित पोलिंग बूथ का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों का स्थलीय जायजा लिया।


मुख्य निर्वाचन आयुक्त के झाला हैलीपैड पहुंचने पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम एवं एडीएम मुक्ता मिश्र ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे हर्षिल के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने सीमांत मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) श्रीमती मिंटू देवी से विस्तृत जानकारी लेते हुए मतदाता सत्यापन, मैपिंग और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों की समीक्षा की। बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों में निर्वाचन कार्यों को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपादित किया जा रहा है।

हर्षिल दौरे के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त गंगोत्री धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मां गंगा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत अधिकारियों के साथ SIR कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक भी प्रस्तावित है।
सीमांत और संवेदनशील क्षेत्रों में निर्वाचन व्यवस्थाओं की निगरानी को लेकर आयोग की यह यात्रा बेहद अहम मानी जा रही है। भारत-चीन सीमा से लगे क्षेत्रों में मतदाता सूची पुनरीक्षण और बूथ प्रबंधन को लेकर आयोग की विशेष नजर बनी हुई है।

ये भी पढ़ें:  जनसंवाद से समाधान तक,तहसील दिवस में उठी 129 जनसमस्याएं,डीएम ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *