हीट वेव और डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में विशेष वार्ड तैयार सीएमओ डॉ. बी.एस. रावत की अपील—दोपहर की धूप से बचें, घरों के आसपास पानी जमा न होने दें

उत्तरकाशी,
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और मौसम में बदलाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने हीट वेव (लू) और डेंगू से निपटने के लिए विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत ने बताया कि राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य इकाइयों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
सीएमओ ने बताया कि हीट वेव से प्रभावित मरीजों के उपचार हेतु जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में 10 बेड, उप जिला चिकित्सालय पुरोला में 5 बेड तथा सभी पीएचसी और सीएचसी में 2-2 बेड के विशेष Heat Related Illness (HRI) वार्ड बनाए जा रहे हैं। इन वार्डों में ORS, आईवी फ्लूड, दवाइयां, कूलिंग व्यवस्था और पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही हीट स्ट्रोक मरीजों के त्वरित उपचार और रेफरल व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।
डेंगू की रोकथाम के लिए भी स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में 10 बेड, उप जिला चिकित्सालय पुरोला में 5 बेड और पीएचसी/सीएचसी स्तर पर 2-2 बेड के पृथक डेंगू आइसोलेशन वार्ड तैयार किए जा रहे हैं। प्रत्येक वार्ड के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे तथा मच्छरदानी, दवाइयों और स्टैंडर्ड केस मैनेजमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की आमजन से अपील
सीएमओ डॉ. बी. एस. रावत ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि लोग दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तेज धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और हल्के सूती कपड़े पहनें। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखने की सलाह भी दी गई है।
डेंगू से बचाव के लिए घरों के आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें, पूरी बांह के कपड़े पहनें तथा मच्छरदानी और मच्छररोधी उपायों का इस्तेमाल करें।
जनता के लिए जरूरी संदेश
स्वास्थ्य विभाग ने कहा है कि थोड़ी सी सावधानी हीट स्ट्रोक और डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। मौसम परिवर्तन के इस दौर में सतर्क रहें और किसी भी स्वास्थ्य समस्या पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

ये भी पढ़ें:  जनपद में सरकारी स्कूल के बच्चों को मिलेगी निजी स्कूलों के बच्चों के समान सुविधाएं – डीएम सविन बंसल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *