सामाजिक सौहार्द संकल्प धरने में भाजपा का कांग्रेस पर हमला

उत्तरकाशी भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के तत्वावधान में सोमवार को उत्तरकाशी में एक दिवसीय सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना आयोजित किया गया। जिला संयोजक सोहनलाल प्रजापति एवं जिला महामंत्री धीरज लाल के नेतृत्व में आयोजित धरने में अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रतिभाग किया।


धरने को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान ने हल्द्वानी की घटना को लेकर कहा कि सरकार का रुख स्पष्ट है—किसी भी व्यक्ति के सम्मान, अधिकार और सामाजिक गरिमा से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि मामला कानून के दायरे में है और किसी भी कार्रवाई का आधार तथ्य, निष्पक्ष जांच और संवैधानिक प्रक्रिया होनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर मामले को राजनीतिक रंग देने और जातिवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया।


अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला संयोजक सोहनलाल प्रजापति ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अनुसूचित जाति समाज अब राजनीतिक दलों की कथनी और करनी को भली-भांति समझ चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अनुसूचित जाति समाज के लोगों को संगठन और समाज की अग्रिम पंक्ति में सम्मान देने का कार्य किया है।
पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि अनुसूचित जाति समाज ने वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

ये भी पढ़ें:  दयारा ट्रेक से लापता महिला की तलाश जारी, अंधविश्वास से बचने की अपील


उन्होंने कहा कि दलित सम्मान किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं, बल्कि संविधान द्वारा प्रत्येक नागरिक को दिया गया अधिकार है। उन्होंने कांग्रेस पर दलित समाज का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी द्वारा हल्द्वानी की घटना को लेकर दलित सम्मान और छुआछूत का मुद्दा उठाया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस को अपने नेताओं तथा कांग्रेस शासित एवं पूर्व शासित राज्यों के रिकॉर्ड पर भी जवाब देना चाहिए।
प्रदेश प्रवक्ता अनुसूचित जाति मोर्चा रविंद्र वाल्मीकि ने कहा कि भाजपा सरकार दलित सम्मान को चुनावी नारा नहीं, बल्कि संवैधानिक जिम्मेदारी मानती है। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी हो या प्रदेश का कोई अन्य हिस्सा, सरकार का संकल्प स्पष्ट है—हर नागरिक का सम्मान, प्रत्येक व्यक्ति को समान अधिकार और कानून का निष्पक्ष शासन।
उन्होंने कहा कि किसी भी घटना अथवा आरोप पर राजनीति करने के बजाय निष्पक्ष जांच और कानून के आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए। उत्तराखंड में कानून का राज है और सरकार प्रत्येक नागरिक के सम्मान, अधिकार एवं न्याय की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख डुण्डा शैलेंद्र कोहली ने कांग्रेस पर जातिवादी राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समाज को जाति के नाम पर बांटने की राजनीति सामाजिक ताने-बाने और आपसी भाईचारे के लिए नुकसानदायक है।
वहीं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य न्यू गांव राहुल ढूंडियाल ने कहा कि भाजपा सरकार में समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
धरने के दौरान भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे, समानता, संवैधानिक मूल्यों और कानून के शासन को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में शांति, सद्भाव और समानता बनाए रखना केवल सरकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
<span;><span;>ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
कार्यक्रम में गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान, पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सिंह सजवाण, वरिष्ठ भाजपा नेता जयवीर चौहान, डुण्डा जिला महामंत्री महावीर नेगी, ब्लॉक प्रमुख राजदीप परमार, भटवाड़ी ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, जिला पंचायत सदस्य हीरालाल शाह, भरत सिंह बिष्ट, बरसाली विजयपाल मखलोगा, विजय संतरी, मंडल अध्यक्ष रजनीश चौहान, राजीव बहुगुणा, राजेश राणा, राममोहन उनियाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य मानपुर साजन कोहली, मनवीर विघाणा, चंडी प्रसाद, सतीश सेमवाल सहित सैकड़ों भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *