स्कूल पहुंचे पुलिस जवान, बच्चों को दिया सुरक्षित भविष्य का मंत्र नशा, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा पर जागरूकता अभियान बना प्रेरणा का संदेश

उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में उत्तरकाशी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को नौगांव क्षेत्र में स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच एक प्रेरणादायक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे, साइबर अपराध, सड़क दुर्घटनाओं एवं महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना रहा।


कार्यक्रम में भूपेन्द्र रावत ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि “युवा ही देश का भविष्य हैं, इसलिए सही दिशा और सही संगति बेहद जरूरी है।” उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य, शिक्षा और करियर पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।
डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए विद्यार्थियों को सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने की सलाह दी गई। साथ ही साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा कानूनों, डायल-112, महिला हेल्पलाइन-1090 एवं उत्तराखण्ड पुलिस ऐप के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में बिना डरे तुरंत मदद लेना जरूरी है।

ये भी पढ़ें:  एसओजी व धरासू पुलिस की टीम द्वारा 400 ग्राम चरस के साथ 1 युवक को किया गया गिरफ्तार।


सड़क सुरक्षा विषय पर विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व को समझाया गया। साथ ही ‘गुड सेमेरिटन’ और ‘गोल्डन आवर’ की महत्ता बताते हुए सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की समय पर मदद करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य रीना रावत सहित शिक्षकगण एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम केवल जागरूकता अभियान नहीं बल्कि बच्चों के सुरक्षित, जिम्मेदार और उज्जवल भविष्य की ओर बढ़ाया गया एक मजबूत कदम साबित हुआ। उत्तरकाशी पुलिस का यह प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव और युवाओं को सही दिशा देने की मिसाल बनता जा रहा है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *