यमनोत्री धाम मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह एवं गंगोत्री अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र को सुपर नोडल अधिकारी तैनात

उत्तरकाशी
आगामी चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रही है, जिसके दृष्टिगत जनपद प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण की जा रही हैं। जनपद में स्थित प्रमुख धाम यमुनोत्री धाम एवं गंगोत्री धाम के लिए विशेष प्रबंधन एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित यात्रा अनुभव मिल सके।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दोनों धामों में सुचारू व्यवस्थाओं के संचालन हेतु मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह को यमुनोत्री धाम एवं अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र को गंगोत्री धाम का सुपर नोडल अधिकारी नामित किया गया है। संबंधित अधिकारी दोनों धामों में यात्रा से संबंधित संपूर्ण व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण सुनिश्चित करेंगे।

ये भी पढ़ें:  आसमानी आफत का कहर जारी गंगा नदी उफान पर जन जीवन अस्त-व्यस्त

जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन हेतु सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर अधिकारियों की तैनाती की गई है। ये अधिकारी अपने-अपने सेक्टर में व्यवस्थाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करेंगे। धामों और यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, परिवहन, सफाई एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए संबंधित विभागों द्वारा नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। ये अधिकारी अपने-अपने विभागों से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने एवं समय पर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए उत्तरदायी होंगे।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत प्रतिदिन निरीक्षण करेंगे तथा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी बनाए रखेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी श्रद्धालुओं को एक सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान किया जाए। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर हर स्तर पर तैयारियाँ सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे यात्रा निर्विघ्न रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *