उत्तरकाशी। देश में लगातार बढ़ रही महंगाई और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के बढ़ते दामों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी उत्तरकाशी ने मंगलवार को हनुमान चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए मोदी सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार से महंगाई पर तत्काल प्रभावी अंकुश लगाने और आम जनता को राहत देने की मांग की।
जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। खाद्य तेल, चीनी, रसोई गैस सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार को महंगाई के बोझ तले दबे आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई पर नियंत्रण के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। बढ़ती कीमतों के कारण आम परिवारों के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज मजबूती से उठाती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया और आम जनता को राहत नहीं मिली तो कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।
प्रदर्शन में पूर्व राज्य मंत्री घनानंद नौटियाल, पूर्व जिलाध्यक्ष मनीष राणा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख डुंडा कनकपाल सिंह परमार, कमल सिंह रावत, सुदीश पंवार, सूर्य बल्लभ नौटियाल, प्रकाश चंद सेमवाल (उपाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी), नैन सिंह बिष्ट (उपाध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी), विजेंद्र नौटियाल (प्रदेश उपाध्यक्ष, ओबीसी मोर्चा), जीतम रावत, अनवीर पंवार, आदर्श राणा, रमन कठैत, मनोज राही, श्रीमती एकादर्शी देवी, श्रीमती मधु रावत एवं डॉ. मनोज पंवार (ब्लॉक अध्यक्ष, भटवाड़ी) सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

