जिला अस्पताल में 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का डीएम ने किया निरीक्षण, दिसंबर तक पूरा होगा निर्माण

उत्तरकाशी। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय परिसर में निर्माणाधीन 50 बेड वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक (CCU) का स्थलीय निरीक्षण किया। करीब 20.86 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने क्रिटिकल केयर ब्लॉक के विभिन्न अनुभागों, आपातकालीन कक्षों और आईसीयू वार्डों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था से निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य दिसंबर माह तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बायो मेडिकल वेस्ट और पार्किंग व्यवस्था पर डीएम सख्त

ये भी पढ़ें:  गड़वाल सह संयोजक विनीता रावत व महिलामोर्चा की ओर से दो स्थान परर प्रारम्भ किया गया महिला चोपाल


जिलाधिकारी ने सीसीयू में बायो मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े निर्माण कार्यों में स्वच्छता, सुरक्षा और बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन को प्राथमिकता दी जाए।
चिकित्सालय परिसर में पार्किंग की समस्या को देखते हुए उन्होंने उचित एवं स्थायी पार्किंग व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही क्रिटिकल केयर ब्लॉक के पीछे दोपहिया वाहनों की पार्किंग की संभावनाओं को देखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
डॉक्टरों और स्टाफ की उपलब्धता समय से सुनिश्चित करने के निर्देश


डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से क्रिटिकल केयर ब्लॉक के संचालन के लिए आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कार्मिकों की उपलब्धता को लेकर जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ब्लॉक के संचालन से पहले सभी आवश्यक मानव संसाधन एवं अन्य व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि मरीजों को इसका लाभ जल्द मिल सके।
जिला और महिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
इसके बाद जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय एवं जिला महिला चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ओटी कक्ष, लेबर रूम, चेंजिंग रूम, भर्ती वार्डों सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अस्पताल परिसर में स्वच्छता और व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर देते हुए डीएम ने अवकाश के दिनों में इमरजेंसी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त चिकित्सक की तैनाती हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश सीएमओ को दिए।
इसके साथ ही शव विच्छेदन कक्ष के मार्ग को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. श्याम विजय, एसीएमओ डॉ. बीएस पांगती, सीएमएस डॉ. बीएस रावत सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *