उत्तरकाशी
रिपोर्ट: महावीर सिंह राणा,
उत्तराखंड की राजनीति में चुनावी माहौल को धार देने के लिए कांग्रेस की परिवर्तन संकल्प यात्रा मंगलवार को उत्तरकाशी पहुंची। वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह और प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी के नेतृत्व में निकली इस यात्रा ने जिला मुख्यालय में शक्ति प्रदर्शन का रूप ले लिया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने रैली में हिस्सा लिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर तीखा हमला बोलते हुए प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का दावा किया।

उत्तरकाशी पहुंचने से पहले परिवर्तन संकल्प यात्रा पुरोला, बड़कोट और चिन्यालीसौड़ से होकर गुजरी, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। उत्तरकाशी में भी जगह-जगह फूल-मालाओं से नेताओं का अभिनंदन किया गया और नारेबाजी के बीच रैली निकाली गई।
सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस पूरे प्रदेश में जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर कर रही है। उन्होंने कहा कि यात्रा को हर जिले में जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है, जो इस बात का संकेत है कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है।
प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि राज्य की जनता बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक, भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और बिगड़ती कानून व्यवस्था से परेशान है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने राम मंदिर के नाम पर चंदे के मुद्दे का भी जिक्र करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि कांग्रेस जनहित के इन सभी मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है।
वहीं, प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में विकास कार्य ठप हैं और जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तराखंड की जनता कांग्रेस के पक्ष में बड़ा फैसला करेगी।

