उत्तरकाशी। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने मंगलवार को संबंधित नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर चुनावी तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने मतदान कार्मिकों की उपलब्धता, प्रशिक्षण, मतदान सामग्री, वाहनों की व्यवस्था, संचार तंत्र और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहने को कहा।
मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी मतदान केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप, पर्याप्त रोशनी और सड़क संपर्क जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं की कमी है, वहां संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई शुरू करें, ताकि निर्वाचन के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि चुनाव जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्यवाही बेहद जरूरी है। निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां पूरी की जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, डीडीओ वेद प्रकाश, एसटीओ आशीष खुदलानी, सीवीओ एचएस बिष्ट, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस | उत्तरकाशी


