उत्तरकाशी। जनपद में भालू के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जंगल और आबादी के बीच बढ़ते वन्यजीव संघर्ष ने अब ग्रामीणों की जिंदगी को खतरे में डाल दिया है। एक ही दिन में मोरी और डुण्डा विकासखंड में भालू के हमले की दो घटनाओं ने वन विभाग की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली घटना विकासखंड मोरी के जखोल गांव की है, जहां बगीचे की ओर जा रहे युवक अभिषेक पर दिनदहाड़े भालू ने हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल उसे पीएचसी मोरी पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
वहीं दूसरी घटना ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी। विकासखंड डुण्डा के ठांडी गांव में देर शाम अपनी छानी से घर लौट रही महिला पर रास्ते में भालू ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों की मदद से महिला को जिला अस्पताल उत्तरकाशी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने देहरादून रेफर कर दिया।

आखिर ग्रामीणों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी?
एक ही दिन में दो अलग-अलग विकासखंडों में हुए इन हमलों ने ग्रामीणों के मन में भय पैदा कर दिया है। हालात ऐसे बनते जा रहे हैं कि लोगों को खेतों, बगीचों और अपनी छानियों तक जाने में भी डर सताने लगा है। ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है।
ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर वन्यजीवों के हमलों के बाद ही विभाग की सक्रियता क्यों दिखाई देती है? क्या किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार किया जा रहा है?
वन विभाग के सामने ग्रामीणों की बड़ी मांगें
* प्रभावित गांवों और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित वन विभाग की गश्त हो।
* भालू प्रभावित इलाकों में तत्काल निगरानी और ट्रैप कैमरे लगाए जाएं।
* जरूरत के अनुसार भालू को पकड़ने के लिए पिंजरे और विशेषज्ञ टीम तैनात की जाए।
* ग्रामीणों को भालू से बचाव के लिए जागरूक और प्रशिक्षित किया जाए।
* आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए हेल्पलाइन और रेस्क्यू टीम सक्रिय रखी जाए।
अब जरूरत केवल घटनाओं के बाद मुआवजा देने की नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था बनाने की है जिससे अगला हमला होने से पहले किसी की जान बचाई जा सके। वन विभाग को ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस, समयबद्ध और प्रभावी कदम उठाने होंगे। आखिर पहाड़ के लोग कब तक भालू के डर के साये में जीने को मजबूर रहेंगे?

