उत्तरकाशी। जनपद में निर्माण कार्यों की प्रगति और प्रस्तावित जनसुविधाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को हर्षिल एवं झाला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने लंबित प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और प्रस्तावित सुविधाओं को आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
झाला में कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण

जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने झाला स्थित कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं और संबंधित कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रीप परियोजना के सामुदायिक भवन का हस्तांतरण जल्द करने के निर्देश
झाला में रीप परियोजना के अंतर्गत निर्मित सामुदायिक भवन का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने भवन की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हस्तांतरण से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि भवन का उपयोग शुरू हो सके और स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिल सके।
हर्षिल में प्रस्तावित आपातकालीन परिचालन केंद्र पर फोकस
हर्षिल स्थित उद्यान ग्राउंड में सीएमबीएडीपी योजना के अंतर्गत भवन के प्रथम तल पर प्रस्तावित आपातकालीन परिचालन केंद्र के लिए चिह्नित स्थल का भी जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया।
उन्होंने प्रस्तावित केंद्र की स्थापना से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवश्यक औपचारिकताएं, अभिलेखीय कार्यवाही और अन्य लंबित प्रक्रियाएं जल्द पूरी की जाएं। इसका उद्देश्य केंद्र की स्थापना से जुड़ी आगामी कार्रवाई को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाना है।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद

इस दौरान डीटीडीओ खुशाल नेगी, परियोजना प्रबंधक रीप कपिल उपाध्याय, आपदा कंसल्टेंट जय पंवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

