उत्तरकाशी। यमुनोत्री धाम की यात्रा के दौरान शुक्रवार को दो श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। कर्नाटक के 66 वर्षीय श्रद्धालु ने जानकीचट्टी में दम तोड़ा, जबकि महाराष्ट्र की महिला श्रद्धालु की बड़कोट अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की स्क्रीनिंग को लेकर सवाल फिर उठने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, कर्नाटक निवासी गंगाधर बीशेटी (66) यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जा रहे थे। यात्रा के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन और अन्य लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जानकीचट्टी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दूसरी घटना में महाराष्ट्र निवासी महिला श्रद्धालु की बड़कोट अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। यात्रा के दौरान तबीयत खराब होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दो मौतों के बाद 34 पहुंचा आंकड़ा
यमुनोत्री धाम की कठिन पैदल यात्रा, ऊंचाई और मौसम में बदलाव के चलते श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को हुई दो मौतों के बाद इस यात्रा सीजन में यमुनोत्री धाम यात्रा मार्ग पर मृत श्रद्धालुओं की संख्या 34 पहुंच गई है।
लगातार हो रही मौतों के बीच यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच, नियमित स्क्रीनिंग और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
यमुनोत्री यात्रा में फिर टूटी सांसों की डोर, दो श्रद्धालुओं की मौत

