यमुनोत्री धाम पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, मां यमुना से देश की खुशहाली और लोकतंत्र की मजबूती का मांगा आशीर्वाद

उत्तरकाशी।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार ने अपने दो दिवसीय उत्तरकाशी भ्रमण के दूसरे दिन विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम पहुंचकर मां यमुना के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न की। इस दौरान उन्होंने देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, उन्नति एवं खुशहाली की कामना करते हुए भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाए रखने का आशीर्वाद मांगा।


प्रातःकाल मुख्य चुनाव आयुक्त खरसाली हैलीपेड पहुंचे, जहां प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वे यमुनोत्री धाम पहुंचे और मां यमुना के चरणों में पुष्प अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की। धार्मिक वातावरण और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने राष्ट्र की निरंतर प्रगति तथा नागरिकों के कल्याण के लिए प्रार्थना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत मुख्य चुनाव आयुक्त ने यमुनोत्री धाम परिसर का भ्रमण कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय, उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, मुकेश चंद रमोला, मंदिर समिति के सचिव सुनील उनियाल, प्रदीप उनियाल, सुशील उनियाल, पुरुषोत्तम उनियाल सहित अन्य अधिकारी, तीर्थ पुरोहित एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  बेशकीमती मेडा व पंजा जड़ी-बूटी के साथ मोरी पुलिस द्वारा 2 तस्करों गिरफ्तार


मुख्य चुनाव आयुक्त के यमुनोत्री धाम आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने इसे धार्मिक आस्था के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण क्षण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *