उत्तरकाशी, महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उत्तरकाशी कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने दोनों महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं शास्त्री जी को नमन किया।

कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने रामधुन और महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से पूरी दुनिया को मानवता का संदेश दिया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ के उद्घोष के साथ देश की सुरक्षा और कृषि के महत्व को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचार और आदर्श आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि आज भारत ‘जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान और जय अनुसंधान’ के संकल्प के साथ विकास और नवाचार के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
युवाओं को दिया नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण का संदेश
डीएम ने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा सत्य और ईमानदारी के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, जिला पूर्ति अधिकारी आशीष कुमार, जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

