कुशकल्याण को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर दिलाएंगे मजबूत पहचान : विजयपाल सजवाण

उत्तरकाशी। नाल्डकठूड़ क्षेत्र के सिल्ला गांव में आयोजित कुशकल्याण पर्यटन मेला-2026 में पहुंचे गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण ने कुशकल्याण क्षेत्र को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की पैरवी की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संपदा से समृद्ध कुशकल्याण में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन इन संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए योजनाबद्ध विकास और मजबूत बुनियादी ढांचे की आवश्यकता है।


कुशकल्याण पर्यटन एवं पर्यावरण उत्थान समिति सिल्ला, जौड़ाव एवं भेलाटिपरी तथा तीनों गांवों के ग्रामीणों के निमंत्रण पर मेले में पहुंचे सजवाण ने आयोजन समिति और क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
पूर्व विधायक ने कहा कि कुशकल्याण उत्तरकाशी की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां के विशाल बुग्याल, मनमोहक प्राकृतिक दृश्य, जैव विविधता और समृद्ध लोक-संस्कृति पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यकता इस बात की है कि क्षेत्र की इन विशेषताओं को संरक्षित रखते हुए पर्यटन विकास की ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए और कुशकल्याण को देश-दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाई जाए।

उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास केवल प्रचार-प्रसार तक सीमित नहीं रहना चाहिए। सड़क, संचार, पेयजल, बिजली, आवास और अन्य जरूरी सुविधाओं का विस्तार पर्यटन को गति देने के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि पर्यटन को स्थानीय जरूरतों और संसाधनों से जोड़ा जाए तो क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं, जिससे स्थानीय आर्थिकी को मजबूती मिलेगी।
<span;>प्रकृति, संस्कृति और आस्था का संगम है कुशकल्याण
सजवाण ने कहा कि श्री चंदनागिरी नाग देवता मंदिर परिसर में आयोजित पर्यटन मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति और आस्था के संगम को सामने लाने का माध्यम है। ग्रामीणों द्वारा अपनी लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संपदा को पर्यटन से जोड़ने की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और लोक संस्कृति से जोड़ने में भी मदद मिलेगी।
पूर्व विधायक ने कहा कि कुशकल्याण क्षेत्र के पर्यटन और बुनियादी विकास को गति देने के लिए वे निरंतर प्रयास करते रहेंगे। क्षेत्र की जनता की समस्याओं, आकांक्षाओं और विकास की आवश्यकताओं को उचित मंच पर मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
इस अवसर पर उन्होंने जिला पंचायत सदस्य सालू ज्योति राणा, ग्राम प्रधान सिल्ला सुमित्रा रावत, सदस्य क्षेत्र पंचायत पार्वती नेगी, ग्राम प्रधान जौड़ाव अनीता राणा तथा प्रधान भेलाटिपरी सरोज राणा समेत आयोजन समिति और तीनों गांवों के ग्रामीणों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, ब्लॉक प्रमुख डुंडा राजदीप परमार, गढ़वाल समन्वयक किशोर भट्ट, जिला पंचायत प्रतिनिधि राजेंद्र ‘राजू’ राणा, अनिल रावत, देवेंद्र नाथ, सुभाष रावत, भाजपा मंडल महामंत्री एवं प्रधान प्रतिनिधि विनोद रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:  उत्तरकाशी: सीमांत क्षेत्र में भालुओं का आतंक, ग्रामीणों में दहशत वन विभाग पर लापरवाही के आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *