निर्वाचक नामावली को शुद्ध एवं पारदर्शी बनाने में जुटा प्रशासन डीएम प्रशांत आर्य ने प्रेस वार्ता में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की दी जानकारी

उत्तरकाशी। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 अंतिम चरण में पहुंच गया है। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारियों और निर्वाचन कार्मिकों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार घर-घर जाकर मतदाता संबंधी सूचनाओं का सत्यापन किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित एनआईसी कक्ष में प्रेस वार्ता कर अभियान की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 558 मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं निर्वाचन कार्मिक सक्रियता से कार्य कर रहे हैं।
जिले में कुल 63,717 नोटिसों के सापेक्ष अब तक 63,645 मतदाताओं को नोटिस वितरित किए जा चुके हैं। इनमें पुरोला विधानसभा क्षेत्र में 22,426 के सापेक्ष 22,423 नोटिस वितरित किए गए, जिनमें से 19,387 की सुनवाई पूरी हो चुकी है। यमुनोत्री विधानसभा क्षेत्र में 19,641 के सापेक्ष 19,594 नोटिस वितरित हुए और 19,496 मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। वहीं, गंगोत्री विधानसभा क्षेत्र में 21,650 के सापेक्ष 21,628 नोटिस वितरित किए गए हैं, जिनमें से 17,532 मामलों की सुनवाई पूरी हो चुकी है।
डीएम ने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के साथ ही नाम, पता, आयु एवं अन्य विवरणों में आवश्यक संशोधन किया जा रहा है। इसके अलावा मृत, स्थानांतरित अथवा अपात्र मतदाताओं के संबंध में भी निर्धारित नियमों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी के अनुसार जिले में अब तक 88 प्रतिशत से अधिक कवरेज पूरा किया जा चुका है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने नाम, पते और आयु सहित अन्य विवरणों की सही जानकारी अपने संबंधित बीएलओ अथवा निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) को उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान नोटिस प्राप्त होना किसी भी मतदाता के लिए चिंता का विषय नहीं है। नोटिस जारी करने का उद्देश्य मतदाता सूची में दर्ज नाम, उम्र अथवा अन्य विवरणों का सत्यापन एवं आवश्यक संशोधन कर निर्वाचक नामावली को अधिक शुद्ध और पारदर्शी बनाना है।

जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। अंतिम निर्वाचक नामावली तहसील स्तर, बीएलओ, ईआरओ, राजनीतिक दलों के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी उपलब्ध रहेगी।
प्रेस वार्ता में अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र, सहायक निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:  मैक्स वाहन पुल के समीप अनियंत्रित होकर गहरी नदी में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 8 लोगों की मौके पर ही मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *