सिल्क्यारा टनल में फिर हादसा, शॉटक्रीट लाइनिंग का हिस्सा गिरने से एक श्रमिक की मौत

यूउत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
उत्तरकाशी की चर्चित सिल्क्यारा टनल एक बार फिर हादसे के कारण सुर्खियों में आ गई है। आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, देर रात लगभग 2:00 बजे टनल के भीतर एक दुर्घटना हुई, जिसमें एक 21 वर्षीय श्रमिक की मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर टनल की कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय श्रमिक की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियां और अधिकारी मौके पर पहुंचे। परियोजना का निर्माण कर रही NHIDCL द्वारा हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों और अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 में इसी सिल्क्यारा टनल में हुए देश के सबसे चर्चित टनल हादसों में 41 श्रमिक 17 दिनों तक अंदर फंसे रहे थे। लंबे और चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। उस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत किए जाने के दावे किए गए थे।
ऐसे में एक बार फिर उसी टनल में हुआ यह हादसा निर्माण कार्यों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:  यमुनोत्री धाम में उत्तरकाशी पुलिस और सुरक्षा बलों का विशेष स्वच्छता अभियान, श्रद्धालुओं से पर्यावरण संरक्षण की अपील

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *