भैरवघाटी के पास बाइक हादसा, 200–300 मीटर गहरी खाई में गिरा BRO कर्मी लापता

उत्तरकाशी
रिपोर्ट: महावीर सिंह राणा
गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भैरवघाटी से लगभग तीन किलोमीटर आगे गंगोत्री की ओर मंगलवार देर रात एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना रात करीब 11:10 बजे पुलिस को मिली, जिसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ गंगोत्री और 108 एंबुलेंस की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि मोटरसाइकिल संख्या UP-20AN-7785 पर तीन लोग सवार थे। इनमें दो लोग सुरक्षित हैं, जबकि एक युवक सुरेश लामा (26 वर्ष), पुत्र कुलबहादुर, निवासी नेपाल एवं वर्तमान निवासी हिमाचल प्रदेश, करीब 200 से 300 मीटर गहरी खाई में गिरने से लापता हो गया। तीनों व्यक्ति बीआरओ 72 में भैरवघाटी क्षेत्र में कार्यरत बताए गए हैं।पुलिस और एसडीआरएफ ने रात करीब 2:30 बजे तक संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान चलाया, लेकिन लगातार बारिश, अंधेरा और दुर्गम परिस्थितियों के कारण लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
प्रतिकूल मौसम को देखते हुए रात में रेस्क्यू अभियान स्थगित कर दिया गया। गुरुवार सुबह (2 जुलाई) पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा खोज एवं बचाव अभियान शुरू करने की तैयारी की है।

ये भी पढ़ें:  नशे में धुत चालक चला रहा था तीर्थयात्रियों से भरा वाहन, उत्तरकाशी पुलिस ने किया गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *