राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 34,805 बच्चों को पिलाई जाएगी जीवन की दो बूंद

उत्तरकाशी
रिपोर्ट: महावीर सिंह राणा
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 के तहत रविवार को जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर राज्यमंत्री (दर्जा प्राप्त) एवं उपाध्यक्ष राज्य औषधीय पादप बोर्ड प्रताप सिंह पंवार, जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, नगरपालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत, प्रमुख अधीक्षक डॉ. पी.एस. पोखरियाल तथा जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. बी.एस. पांगती ने नन्हे-मुन्ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.एस. रावत ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जनपद में 344 पोलियो बूथ, 4 मोबाइल बूथ, 4 ट्रांजिट टीमें और 134 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। इस वर्ष जनपद के 34,805 बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए पूरे जिले को 6 जोनों में विभाजित किया गया है।
इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद अवश्य पिलाएं, ताकि पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को सफल बनाया जा सके।

ये भी पढ़ें:  राजकीय संरक्षण में रह रहे लोगों को मिले गरिमापूर्ण जीवन और बेहतर सुविधाएं डीएम उत्तरकाशी


कार्यक्रम में सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी संजय बिजल्वाण, प्रीति गौड़ सेमवाल, कुशला शाह, उषा चौहान, रुचि सेमवाल, कल्पना सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *