गंगोत्री, उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
गंगोत्री धाम के मुख्य स्नान घाट पर शनिवार सुबह एक दुखद हादसा हो गया। सुबह लगभग 7:05 बजे स्नान के दौरान एक महिला श्रद्धालु का पैर फिसल गया, जिससे वह गंगा नदी के तेज बहाव में बह गई।
मौके पर तैनात सुरक्षा एवं रेस्क्यू कर्मियों ने तत्काल महिला को बचाने का प्रयास किया। गंगा में सुरक्षा के लिए लगाई गई रस्सियों के बावजूद महिला तेज धारा में बहती चली गई। रेस्क्यू टीम ने महिला की ओर लाइफबॉय भी फेंका, लेकिन वह उसे पकड़ नहीं सकी।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त रेस्क्यू कर्मी आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे और नदी किनारे दौड़ते हुए महिला की तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर सूर्यकुंड के ऊपर महिला बहती हुई दिखाई दी, जिसके बाद उसे तत्काल नदी से बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू टीम ने महिला को बचाने के लिए मौके पर ही सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) दिया, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उसकी सांसें वापस नहीं लौट सकीं। इसके बाद शव को बॉडी बैग में रखकर हार्ड बोर्ड की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गंगोत्री पहुंचाया गया।
मृतका की पहचान रूपवती (लगभग 45 वर्ष), पत्नी अन्ना पेटी, निवासी कोयमबेद, मुगंपै नगर, जिला चेन्नई (तमिलनाडु) के रूप में हुई है। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को सिविल पुलिस की मौजूदगी में परिजनों को सौंप दिया गया।
इस घटना के बाद गंगोत्री धाम में शोक का माहौल है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि गंगा के तेज बहाव को देखते हुए स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

