बेटियों की सुरक्षा की मजबूत ढाल बन रही एचपीवी वैक्सीन — अल्मोड़ा में तेज़ी से चल रहा टीकाकरण अभियान

अल्मोड़ा
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में बेटियों को गंभीर बीमारी सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाया जा रहा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। जिला अस्पताल अल्मोड़ा, हवालबाग पीएचसी और दौलाघाट पीएचसी में यह अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन तिवारी एवं डॉ. नीरज की देखरेख में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचकर छात्राओं का टीकाकरण कर रही हैं। इसी क्रम में बीरशेबा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अल्मोड़ा की 25 पात्र छात्राओं को हवालबाग पीएचसी में एचपीवी वैक्सीन लगाई गई तथा सभी को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
क्या है एचपीवी वैक्सीन और क्यों है जरूरी?
एचपीवी यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) का सबसे बड़ा कारण माना जाता है। चिकित्सकों के अनुसार समय पर लगाया गया एचपीवी टीका भविष्य में इस गंभीर बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
टीकाकरण के दौरान छात्राओं एवं अभिभावकों को वैक्सीन के लाभ, इसकी सुरक्षा और कैंसर से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है।

ये भी पढ़ें:  चिन्यालीसौड़ नगर पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली ने ‘गढ़वाल तक न्यूज’के पत्रकार व बीजेपी के पूर्व मंडल अध्यक्ष चिन्यालीसौड़ को भेजा कानूनी नोटिस


दो महीनों में 1773 छात्राओं को लगा टीका
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में पिछले दो महीनों में कुल 3009 पात्र छात्राओं को चिन्हित किया गया था, जिनमें से अब तक 1773 छात्राओं का सफल टीकाकरण किया जा चुका है।
कई ब्लॉकों में अभिभावकों की जागरूकता और सहयोग के चलते टीकाकरण का प्रतिशत काफी बेहतर रहा है। हालांकि हवालबाग ब्लॉक में अभी भी कई छात्राएं टीकाकरण से वंचित हैं, जिसको लेकर स्वास्थ्य विभाग लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है।
टाकुला ब्लॉक सबसे आगे, हवालबाग और ताड़ीखेत में जागरूकता की जरूरत
जारी आंकड़ों के अनुसार टाकुला ब्लॉक में लक्ष्य के मुकाबले सबसे अधिक छात्राओं का टीकाकरण किया गया है, जबकि हवालबाग और ताड़ीखेत ब्लॉक में अभी अभियान को और तेज करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि किसी भी प्रकार के भ्रम या अफवाह पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों को समय रहते यह सुरक्षा कवच जरूर दिलाएं।
डॉ. रंजन तिवारी की अपील
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजन तिवारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा—
“एचपीवी वैक्सीन बेटियों को भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने का प्रभावी माध्यम है। सभी अभिभावक आगे आकर अपनी बेटियों का टीकाकरण अवश्य करवाएं।”
जानकारी के लिए संपर्क करें
डॉ. नीरज
📞 9410711350
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस की अपील
बेटियों का स्वास्थ्य परिवार और समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। जागरूक बनें, अफवाहों से बचें और समय पर एचपीवी टीकाकरण करवाकर अपनी बेटियों को सुरक्षित भविष्य दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *