उत्तरकाशी
रिपोर्ट : महावीर सिंह राणा
चारधाम यात्रा-2026 अपने चरम पर पहुंच चुकी है। बीते 1-2 सप्ताह में श्रद्धालुओं की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखने को मिली है। श्री यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 08 लाख के पार पहुंच चुकी है। ऐसे में यात्रा मार्गों पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव और लगातार लग रहे जाम को देखते हुए उत्तरकाशी पुलिस अब पूरी तरह सख्त नजर आ रही है।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी श्रीमती कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा लगातार यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 26 मई 2026 को कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस टीम द्वारा गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवीधार से गंगोरी तक सघन चेकिंग एवं अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे भवन निर्माण सामग्री, रेत, बजरी, रोड़ी, ईंट, सरिया आदि रखकर यातायात बाधित करने वाले 05 लोगों के खिलाफ उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 10-10 हजार रुपये का चालान किया गया।
इसके अलावा नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को हटवाया गया तथा निर्धारित समय से पहले यात्रा मार्ग पर भारी वाहन चलाने वाले 04 वाहन चालकों पर भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
दरअसल, लगातार देखा जा रहा है कि कई लोग सड़क किनारे अतिक्रमण कर रहे हैं, जिससे सड़कें संकरी हो रही हैं और आए दिन जाम की स्थिति पैदा हो रही है। कई बार एम्बुलेंस और जरूरी सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे बड़ी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
उत्तरकाशी पुलिस ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों से अपील की है कि चारधाम यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें। तीर्थयात्री हमारे अतिथि हैं और उन्हें सुरक्षित, सुगम एवं सुखद यात्रा अनुभव देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
👉 यदि समय रहते अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में यात्रा व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो सकती है।

