उत्तरकाशी में युवाओं के लिए सुनहरा मौका, जापान और जर्मनी में रोजगार पर होगी ग्लोबल करियर काउंसलिंग

उत्तरकाशी
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
उत्तरकाशी में युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री स्किल्स अपग्रेडेशन एंड ग्लोबल एम्प्लॉयमेंट योजना के तहत आगामी 25 मई को जिला कार्यालय ऑडिटोरियम में जापान और जर्मनी में रोजगार के अवसरों को लेकर एक दिवसीय ग्लोबल करियर काउंसलिंग कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला का आयोजन प्रातः 11 बजे से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी श्री विनायक श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य युवाओं को विदेशी भाषा प्रशिक्षण के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय रोजगार एवं पेड इंटर्नशिप के अवसरों के लिए तैयार करना है। राज्य सरकार लगातार युवाओं को वैश्विक रोजगार बाजार से जोड़ने के लिए विदेशी भाषा कौशल विकास पर विशेष ध्यान दे रही है।
सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित इस योजना के अंतर्गत अब तक 50 से अधिक युवा जापानी भाषा प्रशिक्षण प्राप्त कर जापान में रोजगार हासिल कर चुके हैं। यह पहल उत्तराखंड के युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रही है और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम साबित हो रही है।
कार्यशाला में जापानी एवं जर्मन भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही विदेशों में रोजगार, पेड इंटर्नशिप, करियर संभावनाएं और चयन प्रक्रिया के बारे में विशेषज्ञ प्रतिभागियों को मार्गदर्शन देंगे।
जापान में केयर गिवर नौकरी के लिए अभ्यर्थी का किसी भी संकाय से 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है तथा आयु सीमा 18 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं जर्मनी में रोजगार अवसरों के लिए अभ्यर्थी का जीएनएम अथवा बीएससी नर्सिंग उत्तीर्ण होना अनिवार्य है, जबकि आयु सीमा 18 से 40 वर्ष रखी गई है।
यह कार्यशाला उन युवाओं के लिए बेहद लाभकारी साबित हो सकती है जो विदेश में रोजगार प्राप्त कर अपने भविष्य को नई दिशा देना चाहते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय, उत्तरकाशी से संपर्क कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें:  गंगोत्री विधानसभा विधायक ने हर्षिल में अंग्रेजी शराब की दुकान की तत्काल निविदा निरस्त करने के डीएम को दिए निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *