दूरस्थ फिताड़ी गांव में लगा स्वास्थ्य शिविर, 194 ग्रामीणों और विद्यार्थियों की हुई स्वास्थ्य जांच

उत्तरकाशी |
रिपोर्टर – महावीर सिंह राणा
जनपद उत्तरकाशी के आकांक्षी ब्लॉक मोरी के दूरस्थ क्षेत्र फिताड़ी गांव में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सोमवार को विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत के दिशा-निर्देश एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नितेश रावत के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. नितेश रावत ने बताया कि शिविर में ग्रामसभा के कुल 194 ग्रामीणों एवं विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान मरीजों को आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों को विभिन्न बीमारियों से बचाव एवं स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूक किया।

ये भी पढ़ें:  देहरादून की रात: लूट, गोली और जंगल में मुठभेड़


गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव के लिए किया प्रेरित
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों को संस्थागत प्रसव के महत्व की जानकारी दी। साथ ही सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण की जानकारी
स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीणों को बताया गया कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी में सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। विभाग ने अधिक से अधिक किशोरियों को इसका लाभ लेने की अपील की।

ये भी पढ़ें:  वीर सिंह रौतेला की शौर्य गाथा और विरासत पर संकट पर्यटन विभाग भी नहीं लेता है संज्ञान


स्वास्थ्य टीम की रही सक्रिय भागीदारी
स्वास्थ्य शिविर में डॉ. विनीत, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी वर्षा, एएनएम लक्ष्मी, आशा कार्यकत्री सरिता सहित ग्राम प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता रही।
बुधवार को उपकेंद्रों में भी मिलेंगी स्वास्थ्य सेवाएं
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. रावत ने बताया कि बुधवार को जिले के सभी उपकेंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में एएनएम एवं सीएचओ द्वारा एएनसी, पीएनसी, शिशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने हेतु जागरूकता अभियान सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *