उत्तरकाशी में देशभक्ति के रंग में रंगा 80वां स्वतंत्रता दिवस, बारिश के बीच भी दिखा राष्ट्रप्रेम का जुनून

उत्तरकाशी। देशभर के साथ सीमांत जनपद उत्तरकाशी में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया। सुबह से हो रही हल्की बारिश भी लोगों और स्कूली बच्चों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। शहर से लेकर गांवों तक वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर नजर आया और हर ओर तिरंगा शान से लहराता दिखाई दिया।

स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत विभिन्न विद्यालयों में प्रभात फेरियों के साथ हुई। हाथों में तिरंगा थामे नन्हे-मुन्ने बच्चे जब देशभक्ति के नारों और गीतों के साथ सड़कों पर निकले तो पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा। बच्चों के चेहरों पर उत्साह और दिलों में देश के वीर शहीदों के प्रति सम्मान साफ दिखाई दिया। प्रभात फेरी के बाद विद्यालयों में विधिवत ध्वजारोहण हुआ और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए। विद्यार्थियों को मिष्ठान भी वितरित किया गया।

कलेक्ट्रेट में शान से लहराया तिरंगा
जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह का विशेष आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान एवं जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के दौरान पुलिस बल के जवानों ने राष्ट्रीय सलामी दी। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने एक स्वर में राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का गायन किया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आजादी केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है।

ये भी पढ़ें:  राहुल चौहान की यह सफलता आज के युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है

नगर पालिका से विकास भवन तक देशभक्ति का माहौल
उत्तरकाशी नगर क्षेत्र में भी स्वतंत्रता दिवस की धूम रही। नगर पालिका परिसर में पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली ने ध्वजारोहण कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं नगर पालिका में भूपेंद्र सिंह चौहान ने भी ध्वजारोहण कर देश की एकता, अखंडता और विकास के संकल्प को दोहराया।

इस अवसर पर गोस्वामी गणेशदत्त विद्या मंदिर, ऋषिराम शिक्षण संस्थान और एम.डी.एस उत्तरकाशी के छात्र छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत एवं लोकसंस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई । पंचतत्व एक पहाड़ी उड़ान से अनुराग नौटियाल और पुलिस उपाधीक्षक जनक पंवार द्वारा भी देशभक्ति गीतों की शानदार प्रतुति द्वारा माहौल को देशभक्ति के जोश और उत्साह से भर दिया।

ये भी पढ़ें:  उद्यमिता : भारत के विकास में उत्प्रेरक और 2047 तक विकसित भारत का निर्माण विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी

इस अवसर पर डिजिटल युवा महोत्सव फिट उत्तराखंड ऐप पर विभिन्न गतिविधियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को भी सम्मानित किया गया तथा मुख्यमंत्री राहत कोष के तीन लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। इस दौरान बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान में विशेष योगदान देने के लिए अमीषा को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया

विकास भवन समेत विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सरकारी भवनों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरा जिला मुख्यालय तिरंगे की रोशनी और देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
चिन्यालीसौड़ में रोशनी से जगमगाया शहर
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर चिन्यालीसौड़ का नजारा भी देखते ही बन रहा था। ब्रिज को आकर्षक ढंग से सजाया गया और रात में रोशनी से पूरा क्षेत्र जगमगा उठा। तिरंगे और रोशनी से सजे इस खूबसूरत नजारे ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
बारिश की बूंदों के बीच लहराता तिरंगा, देशभक्ति के नारों से गूंजती प्रभात फेरियां और रोशनी से जगमगाते सरकारी भवन—उत्तरकाशी ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि देशभक्ति किसी मौसम की मोहताज नहीं होती।
आजादी के इस पावन पर्व पर उत्तरकाशी ने उन सभी वीर जवानों, स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों को नमन किया, जिनके त्याग, संघर्ष और बलिदान की बदौलत देश ने स्वतंत्रता की सांस ली। तिरंगा हमेशा ऊंचा रहे, देश का गौरव हमेशा बढ़ता रहे—इसी संकल्प के साथ उत्तरकाशी ने मनाया आजादी का महापर्व।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *