उत्तरकाशी विश्वनाथ मंदिर के दानपात्र पर चोर ने बोला धावा, 5 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा

उत्तरकाशी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के नंदीगृह में स्थित दानपात्र का ताला तोड़कर नगदी चोरी करने के मामले का उत्तरकाशी पुलिस ने महज 5 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले आरोपी शुभम नौटियाल (28) को साल्ड बैण्ड, ज्ञानसू के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 12 सितम्बर की रात अज्ञात चोर ने मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी धनराशि चोरी कर ली थी। मंदिर के महन्त की तहरीर पर कोतवाली उत्तरकाशी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मंदिर परिसर, उत्तरकाशी बाजार और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस की स्मार्ट एवं मैनुअल पुलिसिंग, सुरागरसी-पतारसी और त्वरित कार्रवाई के बाद आरोपी तक पहुंच बनाई गई।
आरोपी के कब्जे से बड़ी बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई ₹1,60,295 की नकदी, 1130 सिक्के और 680 नेपाली नोट बरामद किए हैं। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम को मिला नगद पुरस्कार
घटना का त्वरित खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए एसपी उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय ने ₹2,500 का नगद पुरस्कार दिया। वहीं श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के महन्त अजय पुरी ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए ₹11,000 के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया।
गिरफ्तार आरोपी: शुभम नौटियाल पुत्र लक्ष्मी प्रसाद नौटियाल, निवासी ज्ञानसू, उत्तरकाशी, उम्र 28 वर्ष।
बरामदगी: ₹1,60,295 नकद + 1130 सिक्के + 680 नेपाली नोट।

ये भी पढ़ें:  रोज़ी-रोटी की तलाश में घर से हजारों किलोमीटर दूर गया एक बेटा, अब ताबूत में लौटकर आया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *