उत्तरकाशी।
रिपोर्ट महावीर सिंह राणा
उत्तराखंड की सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के तहत सोमवार को उत्तरकाशी से श्रद्धालुओं का जत्था विशेष ट्रेन यात्रा के लिए रवाना हुआ। जनपद के ऐतिहासिक विश्वनाथ चौक से जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान एवं विधायक सुरेश चौहान ने श्रद्धालुओं से भरी बस को हरी झंडी दिखाकर देहरादून (हर्रावाला) के लिए रवाना किया।
श्रद्धालु देहरादून के हर्रावाला रेलवे स्टेशन से शाम 4 बजे वेरावल (गुजरात) स्थित सोमनाथ धाम के लिए रवाना होने वाली विशेष ट्रेन में सवार होंगे। बस रवाना होने से पूर्व विश्वनाथ चौक पर “जय बाबा विश्वनाथ” और “जय बाबा सोमनाथ” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
राज्य सरकार द्वारा आयोजित यह विशेष तीर्थ यात्रा उत्तराखंड के स्थायी निवासियों के लिए पूर्णतः निःशुल्क है। यात्रा के दौरान वातानुकूलित रेल यात्रा, भोजन, आवास तथा स्थानीय परिवहन सहित सभी व्यवस्थाएं राज्य सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस अवसर पर विधायक सुरेश चौहान ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी उत्तरकाशी के श्रद्धालुओं के लिए यह ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार प्रदेशवासियों को उनकी सांस्कृतिक एवं धार्मिक विरासत से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की।
जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने कहा कि सरकार द्वारा श्रद्धालुओं, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के निःशुल्क दर्शन कराने की पहल अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने सभी यात्रियों के सुरक्षित एवं सफल तीर्थ दर्शन की कामना करते हुए बाबा विश्वनाथ एवं बाबा सोमनाथ से जनपद की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, परियोजना प्रबंधक रीप कपिल उपाध्याय, अन्य प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

