उत्तरकाशी। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर उत्तरकाशी में प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। स्कूल बसों और बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी अब वाहन संचालकों को भारी पड़ सकती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर आठ स्कूल बसों के चालान किए। जांच के दौरान वाहनों में मिली कमियों पर संबंधित संचालकों को तत्काल सुधार करने और निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देश पर प्रदेशभर में 16 से 22 नवंबर 2026 तक विशेष सघन चेकिंग एवं जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तरकाशी में स्कूल बसों, स्कूल वैन, बच्चों को लाने-ले जाने वाली कैब तथा यात्री बसों की सघन जांच की गई।

संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, निर्धारित यात्री क्षमता और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े आवश्यक इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच में नियमों और सुरक्षा मानकों से संबंधित कमियां पाए जाने पर आठ स्कूल बसों के चालान किए गए। साथ ही वाहन संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करें, ताकि स्कूली बच्चों की यात्रा सुरक्षित सुनिश्चित हो सके।
अभियान में परिवहन विभाग की ओर से आरआई अंकित कंडियाल, दीवान सिंह, गणेश सिंह, विक्रमा एवं चालक परमेश्वर नौटियाल शामिल रहे। यातायात पुलिस की ओर से निरीक्षक सुनील कुमार, राजेश उनियाल एवं होमगार्ड मनमोहन ने कार्रवाई की। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पीएलवी राजेश रतूड़ी एवं रेखा जगूड़ी ने भी अभियान में प्रतिभाग किया और वाहन चालकों तथा आमजन को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान लोगों को मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए नियमों का पालन करने की अपील की गई। अधिकारियों ने दो टूक कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आठ स्कूल बसों के चालान की कार्रवाई से स्पष्ट है कि अब स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन गंभीरता से निगरानी कर रहा है। विशेष चेकिंग और जागरूकता अभियान 22 नवंबर तक जारी रहेगा। ऐसे में स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों के लिए जरूरी है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज एवं सुरक्षा मानक दुरुस्त रखें, ताकि बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित हो सके।
गंगोत्री न्यूज़ एक्सप्रेस | उत्तरकाशी

