उत्तरकाशी में देशभर के पर्वतारोहियों का दमखम! NIM में 30वीं नॉर्थ ज़ोन स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप का दूसरा दिन रहा रोमांचक, पैरा-एथलीटों ने भी दिखाया जज्बा

उत्तरकाशी। पर्वतारोहण और साहसिक खेलों के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखने वाले नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) उत्तरकाशी में आयोजित 30वीं आईएमएफ नॉर्थ ज़ोन स्पोर्ट क्लाइम्बिंग चैंपियनशिप-2026 का दूसरा दिन उत्साह, रोमांच और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में देश के आठ राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से पहुंचे 80 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, साहस और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।


16 से 18 नवंबर तक आयोजित इस तीन दिवसीय चैंपियनशिप में लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में लीड क्लाइम्बिंग, स्पीड क्लाइम्बिंग और बोल्डरिंग जैसी तीन प्रमुख विधाओं में रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।
खास बात यह है कि इस प्रतियोगिता में चार पैरा-एथलीट भी हिस्सा ले रहे हैं। उनका जज्बा, दृढ़ संकल्प और खेल के प्रति समर्पण अन्य खिलाड़ियों के साथ ही दर्शकों के लिए भी प्रेरणा का केंद्र बना हुआ है।
विजेताओं को किया गया सम्मानित

ये भी पढ़ें:  नेलांग घाटी में आने वाले पर्यटकों को ऑफलाइन पंजीकरण सुविधा हो राजदीप परमार ब्लॉक प्रमुख डुंडा


प्रतियोगिता के दूसरे दिन आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में आईएमएफ नॉर्थ ज़ोन के चेयरमैन कर्नल अमित बिष्ट, एसएम (सेवानिवृत्त) एवं एनआईएम के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने विभिन्न श्रेणियों और विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एनआईएम के रजिस्ट्रार प्रवीण कुमार, मेजर आर.एस. जामनाल (सेवानिवृत्त), होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेन्द्र मटूरा, दीपेन्द्र पंवार, ट्रैकिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र राणा, मनोज रावत और विशाल कलूरा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
स्पोर्ट क्लाइम्बिंग को मिल रहा बढ़ावा
यह चैंपियनशिप उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और एक-दूसरे से अनुभव साझा करने का अवसर प्रदान कर रही है। साथ ही देश में स्पोर्ट क्लाइम्बिंग की लोकप्रियता बढ़ाने और युवा खिलाड़ियों को इस साहसिक खेल से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

ये भी पढ़ें:  नरेन्द्र मोदी के शीतकालीन यात्रा के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है मुखवा गांव को


अब प्रतियोगिता का अंतिम दिन 18 नवंबर को आयोजित होगा, जहां विभिन्न आयु वर्गों और विधाओं में खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे। उत्तरकाशी में आयोजित यह राष्ट्रीय स्तर की खेल गतिविधि जनपद के लिए भी गौरव का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *